2016 में यूट्यूब चैनल से शुरू हुई एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला का शेयर आज NSE पर 33% प्रीमियम के साथ ₹145 पर लिस्ट हुआ है। इसका इश्यू प्राइस ₹109 था। लिस्टिंग के बाद शेयर 12% और चढ़कर ₹161.99 तक पहुंच गया। हालांकि ये 156 रुपए पर बंद हुआ। शेयर बाजार में लिस्टिंग के साथ फिजिक्सवाला का मार्केट कैप 44 हजार रुपए करोड़ हो गया है। IPO से पहले कंपनी की वैल्यूएशन करीब ₹30 हजार करोड़ थी। अलख बोले- भारत में बहुत टैलेंट, इन्हें छांटने की जरूरत लिस्टिंग इवेंट में कंपनी के फाउंडर अलख पांडे ने कहा- भारत में एक आइंस्टीन है जो बिहार की सड़कों पर चाय बेच रहा है, भारत में एक मैडम क्यूरी है जो गुरुग्राम की सड़कों पर मोमोज बेच रही है। हमें इन्हें छांटना है और असली भारतीय अर्थव्यवस्था में लाना है। फिजिक्स वाला फ्रेश इश्यू से मिली राशि में से 710 करोड़ रुपए मार्केटिंग पर, 548 करोड़ रुपए मौजूदा ऑफलाइन और हाइब्रिड सेंटर्स के लीज भुगतान पर, 460 करोड़ रुपए नए ऑफलाइन और हाइब्रिड सेंटर्स के लिए खर्च होंगे। वहीं 471 करोड़ रुपए सब्सिडियरी जाइलम लर्निंग प्राइवेट लिमिटेड में निवेश के लिए खर्च किए जाएंगे। फिलहाल फिजिक्स वाला अपनी दक्षिण भारत में मौजूदगी अपने खुद के आउटलेट्स, अपने एप और सब्सिडियरी जाइलम के माध्यम से बनाए हुए है। मार्केटिंग पर खर्च को लेकर अलख ने कहा- भारत में एजुकेशन सेक्टर के लिए मार्केटिंग खर्च का बजट लगभग 30-40% होता है। लेकिन हमारे मामले में यह सिर्फ 7-8% है। इस राशि का बड़ा हिस्सा दक्षिण भारत में हमारे ऑपरेशंस का विस्तार करने में लगेगा।” एक्सपर्ट्स बोले- आंशिक प्रॉफिट बुक कर सकते हैं निवेशक स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट की शिवानी न्याती ने कहा, “कंपनी का ब्रांड, स्टूडेंट बेस और हाइब्रिड मॉडल मजबूत है। अलॉटीज आंशिक प्रॉफिट बुक कर लें और बाकी मीडियम टर्म के लिए होल्ड करें, स्टॉपलॉस ₹130 रखें। INVasset PMS के भाविक जोशी ने कहा कि प्रॉफिटेबिलिटी अभी नहीं आई, FY23-25 में ₹1,400 करोड़ से ज्यादा लॉस हुआ है। उन्होंने कहा कंपनी का वैल्यूएशन बहुत प्रीमियम हो गया है। नजदीकी समय में प्रॉफिटेबल नहीं है। हाई रिस्क, लॉन्ग टर्म निवेशक सीमित दांव लगा सकते हैं। अलख पांडे ने शुरू की थी फिजिक्स वाला फिजिक्स वाला अलख पांडे ने शुरू की थी, जो यूट्यूब चैनल से बड़ा एडटेक ब्रांड बना। कंपनी जेईई, नीट, यूपीएससी और स्टेट लेवल एग्जाम की तैयारी कराती है। ऑनलाइन के साथ-साथ PW पाठशाला सेंटर्स से हाइब्रिड मॉडल चलाती है। अभी 300 से ज्यादा ऑफलाइन-हाइब्रिड सेंटर्स हैं। कंपनी का फोकस अफोर्डेबल कोचिंग और टियर-2, टियर-3 शहरों पर है। ये खबर भी पढ़ें फिजिक्स वाला के अलख पांडे शाहरुख से भी ज्यादा अमीर:9 साल में 30,000 करोड़ की कंपनी बनाई, IPO तीन दिन में 1.92 गुना सब्सक्राइब हुआ ये एक ऐसे लड़के की कहानी है, जो बचपन में ‘एवरेज’ स्टूडेंट था। मैथ्स से डरता था और घर की हालत ऐसी कि पिता की नौकरी चली गई, घर, स्कूटर सब बिक गया। लड़के का नाम था अलख पांडे। लेकिन आज वही अलख ‘फिजिक्स वाला’ के नाम से मशहूर है। एक एडटेक यूनिकॉर्न फाउंडर, जिसका सफर 9 साल पहले यूट्यूब चैनल से शुरू हुआ था। पूरी खबर पढ़ें


