हरियाणा को दिल्ली में मिला राष्ट्रीय जल पुरस्कार:देश में तीसरा स्थान; मंत्री श्रुति बोलीं-बधाई हरियाणा, ये आपका पुरस्कार, जल संरक्षण में हम मिसाल

हरियाणा को दिल्ली में राष्ट्रीय जल पुरस्कार मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से प्रदेश की सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी को ये पुरस्कार दिया गया है। पुरस्कार लेने के बाद मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा- राष्ट्रीय जल पुरस्कार में हरियाणा को तीसरा स्थान प्राप्त होना सम्मान की बात है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू जी द्वारा दिया गया ये सम्मान हरियाणा की जनता की जागरूकता और हमारे किसानों की मेहनत को समर्पित है। हरियाणा सरकार की योजनाओं ने इसे सम्भव किया है और स्वर्गीय चौधरी बंशीलाल और सुरेंद्र सिंह के सपनों को साकार किया है। हम मिलकर जल संरक्षण की दिशा में एक नई मिसाल कायम कर रहे हैं। बधाई हरियाणा! ये आपका पुरस्कार है। 2018 में शुरू हुआ पुरस्कार राष्ट्रीय जल पुरस्कार जल संरक्षण, प्रबंधन और स्थायी उपयोग के क्षेत्र में व्यक्तियों और संगठनों के उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देने और प्रोत्साहित करने के लिए दिए जाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कार हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य जल के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना और ‘जल समृद्ध भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लोगों को सर्वोत्तम जल उपयोग प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। ये पुरस्कार 2018 में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए थे। बेस्ट स्टेट श्रेणी में मिला पुरस्कार केंद्र सरकार की ओर से घोषित राष्ट्रीय जल पुरस्कार में हरियाणा को तीन अलग-अलग कैटेगरी में 4 अवॉर्ड मिले हैं। राष्ट्रीय स्तर पर घोषित परिणामों के अनुसार, ‘बेस्ट स्टेट’ श्रेणी में महाराष्ट्र पहले और गुजरात दूसरे स्थान पर रहा, जबकि हरियाणा को तीसरा स्थान मिला है। यह उपलब्धि राज्य में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और सिंचाई दक्षता को लेकर चलाए जा रहे अभियानों का परिणाम है। राज्य सरकार द्वारा ‘जल ही जीवन है’ अभियान और सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं ने इस दिशा में बड़ा योगदान दिया है। इन अलग-अलग कैटेगरी में भी मिले प्राइज ‘बेस्ट इंस्टीट्यूट’ (स्कूल और कालेज छोड़कर) कैटेगरी में हरियाणा ने पहला स्थान (फर्स्ट ज्वाइंट विनर) प्राप्त किया है। यह सम्मान हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय को जल संरक्षण और कृषि जल प्रबंधन में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए मिला है। इस श्रेणी में हरियाणा के साथ गुजरात की आईआईटी गांधीनगर, गोवा का आईसीएआर, राजस्थान का बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जम्मू-कश्मीर की इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (अवंतिपुरा), असम राइफल्स (मणिपुर) और उड़ीसा के रीजनल चीफ कंजर्वेटर आफ फारेस्ट ब्रह्मपुर सर्कल का भी चयन हुआ है। ‘बेस्ट इंडस्ट्री’ कैटेगरी में हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस श्रेणी में द्वितीय और तृतीय स्थान दोनों हरियाणा को मिले हैं। जहां गुरुग्राम स्थित हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड को दूसरे स्थान पर चुना गया है, वहीं झज्जर पावर लिमिटेड को तीसरे स्थान के लिए चयनित किया गया है। इस कैटेगरी में तमिलनाडु की अपोलो टायर्स लिमिटेड देशभर में प्रथम रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *