नेपाल से राइस मिल में काम करने के लिए सरगुजा आया युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क पर पैदल चल रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। युवक को जब तक हॉस्पिटल ले जाया गया, उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को वापस नेपाल भेज गया है। मामला लुण्ड्रा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, नेपाल के लालबंदी गांव से 12 युवक लुण्ड्रा क्षेत्र अंतर्गत बरगीडीह में राइस मिल में काम करने आए थे। युवक दो दिन पहले ही बरगीडीह पहुंचे थे। युवकों में से पांच युवक गुरुवार की शाम बरगीडीह बाजार में सामान खरीदने आए थे। वे सामान लेकर वापस अपने किराए के कमरे में जाने के लिए निकले थे। ऑटो ने तेज रफ्तार में मारी टक्कर, हो गई मौत
बरगीडीह से लौट रहे पांचों युवक हायर सेकेंडरी स्कूल के पास पहुंचे, उसी समय बरगीडीह की ओर से जा रहे तेज रफ्तार ऑटो ने सड़क पर पैदल चल रहे सागर कार्किक (32 वर्ष) को टक्कर मार दी। ऑटो की टक्कर से सागर कार्किक सड़क पर गिर गया और उसके सिर के पीछे गंभीर चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद ऑटो का ड्राइवर वाहन लेकर भाग निकला। हादसे के बाद सागर के साथ पैदल जा रहे चार अन्य युवकों ने मार्ग से आ रहे कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार चालक ने कार नहीं रोकी। हादसे के बाद चारों युवक अपने दूसरे साथियों को बताने के लिए चले गए। हादसे की सूचना पर लुण्ड्रा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक की जांच की और उसे बरगीडीह हॉस्पिटल भेजा। हॉस्पिटल में युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक को शव का पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया। युवकों के दल में मृत युवक का एक रिश्तेदार भी था। रिश्तेदार और उसके तीन अन्य साथी शव को लेकर रवाना हो गए हैं। घटना की सूचना युवक के परिजनों को नेपाल में दे दी गई है। नेपाल से काम करने आए युवकों ने बताया कि उन्होंने राइस मिल में काम शुरू भी नहीं किया था। वे अपने रहने और खाने-पीने का सामान जुटा रहे थे, इस दौरान हादसा हो गया। लुण्ड्रा थाना प्रभारी आरएन पटेल ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात ऑटो के ड्राइवर के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। ऑटो का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


