भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर निगम बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों की लापरवाही से अवैध निर्माण की शिकायतें आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ बिल्डिंगों को नगर निगम द्वारा सील किया गया था, लेकिन अब वही बिल्डिंगें फिर से निर्माण हो रही हैं। नगर निगम के अधिकारियों को इसकी जानकारी होने के बावजूद वे इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। नगर निगम जोन सी के तहत 2 बिल्डिंगों को चुनाव से पहले सील किया गया था, लेकिन अब वे फिर से बनकर तैयार हो रही हैं। इस स्थिति से न केवल नगर निगम कमिश्नर आदित्य और जोनल कमिश्नर अंजान हैं, बल्कि नगर निगम के इंस्पेक्टर और एटीपी भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। स्थानीय निवासियों ने इन अवैध निर्माणों को देखा है, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस स्थिति से न केवल सरकारी प्रशासन की लापरवाही का पता चलता है, बल्कि नगर निगम द्वारा सील की गई बिल्डिंगों की निगरानी में भी भारी कमी नजर आती है। इसी प्रकार का एक और मामला मन्ना सिंह नगर में सामने आया है। यहां नगर निगम के जोन-ए में एक 3 मंजिला अवैध इमारत का निर्माण जारी है। इस बारे में भी स्थानीय लोग हैरान हैं, क्योंकि यह निर्माण बिना किसी रोक-टोक के हो रहा है। जब नगर निगम जोन-ए की इंस्पेक्टर कशिश से संपर्क किया गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और जो ईंटा वाली रोड पर सील की हुई बिल्डिंग बन गई है। इसके बारे पूछा तो जब नगर निगम जोन सी के एटीपी जगदीप सिंह से बार-बार संपर्क करने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थानीय निवासियों ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उनका कहना है कि नगर निगम का यह रवैया बहुत ही लापरवाह है और यह नागरिकों के लिए खतरे की घंटी है। लोग इस बात से भी परेशान हैं कि निर्माण कार्य अवैध रूप से हो रहा है, जबकि अधिकारी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों का यह रवैया न केवल नागरिकों के लिए खतरनाक है, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाता है। नगर निगम के कमिश्नर आदित्य ने इस पर जोनल कमिश्नरों को जिम्मेदारी सौंप रखी है कि वे सील की गईं बिल्डिंगों की निगरानी करेंगे, लेकिन इसके बावजूद ये निर्माण कार्य जारी है। अधिकारियों की अनदेखी से यह साफ होता है कि नगर निगम प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल हो रहा है।


