दोरनापाल| नगर पंचायत में जारी हालिया टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व नपं अध्यक्ष बबीता माड़वी ने आरोप लगाते कहा कि पंचायत प्रशासन ने निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से न चलाते हुए अपने पसंदीदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। नगर पंचायत दोरनापाल ने 10 अक्टूबर को एक पत्र के जरिए 11 अलग-अलग कार्यों के लिए लाखों के टेंडर जारी किए थे। स्थानीय ठेकेदारों का आरोप है कि टेंडर की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। इसकी न ई-पब्लिशिंग की गई, न ही नोटिस बोर्ड पर समय पर सूचना चस्पा की गई। पूर्व नपं अध्यक्ष माड़वी ने आरोप लगाते कहा कि निविदा प्रक्रिया को जानबूझकर गुप्त रखा गया। कई पात्र ठेकेदारों को सूचना मिलने तक निविदा भरने की तारीख निकल चुकी थी।


