भास्कर न्यूज | दंतेवाडा जिले के गीदम स्थित वेयर हाउस में जरूरी दवाएं नहीं होने से बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के अस्पतालों में जरूरी दवाओं की किल्लत बनी हुई है। हालात यह हैं कि पीसीएम सिरप, टीटी इंजेक्शन, जरूरी पेन किलर साइक्लोबिन जैसी दवाओं की किल्लत बीजापुर और दंतेवाड़ा दोनों जिले में बनी हुई है। सीजीएमएससी के गीदम वेयर हाउस में नियमिति रूप से दवाओं की सप्लाई नहीं होने से स्टाक में लगातार कमी बनी हुई है। दवाओं की सप्लाई नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में इसका खासा असर देखने को मिलता है, गरीब लोगों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ रही है यह स्थित पिछले एक साल से अधिक समय से बनी हुई है। सीजीएमएससी में सप्लाई नही हो रही है और अस्पतालों में अव्यवस्था बनी हुई है। गीदम वेयर हाउस से बीजापुर और दंतेवाड़ा दोनों जिले में दवा सप्लाई होती है, दोनों जिले काफी बड़े हैं जहां जरूरी दवाओं की सप्लाई प्रभावित हो रही है। जरूरी दवाएं जिसकी जरूरत रोज अस्पताल में पड़ती है ऐसी दवाओं के अस्पताल में नहीं होने से मरीज और स्वास्थ्य कर्मियों के बीच बहस भी रोज होती है। दवाओं की सप्लाई को लेकर सीजीएमएससी को हाल ही में केंद्र से 9 में से मात्र 3 नंबर मिले थे, बावजूद दवाओं की सप्लाई को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। मेट्रो टैबलेट जो दस्त में काम आती है, ब्रूफेन पेन किलर, सिकलिन टेस्ट किट, प्रेमा क्वीन 2.5 आरडी किट और ओनडेम सिरप जो मरीजों को उल्टी होने पर दी जाती है, ऐसी और भी सीजीएमएससी की बहुत जरूरी दवाएं वेयर हाउस में नहीं है।


