पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास स्थित डेली सब्जी मार्केट में देर रात एक भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपए की हरी सब्जियां और अन्य सामान जलकर राख हो गए। आग गणेश प्रसाद भगत की सब्जी दुकान में लगी, जहां शिमला मिर्च, मशरूम, बीन्स और गाजर सहित बड़ी मात्रा में सब्जियां रखी हुई थीं। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में दुकान में रखा सारा माल जल गया। दुकान में मौजूद कई महत्वपूर्ण कागजात और करीब 50 हजार रुपए मूल्य के सब्जी क्रेट भी आग की भेंट चढ़ गए। दुकान मालिक के अनुसार आगामी शादी-विवाह सीजन को देखते हुए उन्होंने बड़ी मात्रा में सब्जियां पश्चिम बंगाल और अन्य जिलों से मंगाई थीं, जो पूरी तरह नष्ट हो गईं। दमकल ने समय रहते पाया नियंत्रण देर रात दुकान से उठती लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग इतनी तेज थी कि प्रारंभिक प्रयासों में स्थानीय लोग इसे बुझा नहीं सके। थोड़ी देर बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर हस्तक्षेप से डेली मार्केट की अन्य दुकानों तक आग फैलने का खतरा टल गया। मौके पर मौजूद कई लोगों ने बताया कि आग दुकान के अंदर तेजी से फैल रही थी। यदि दमकल थोड़ी देर और देरी से पहुंचती तो पूरा सब्जी मार्केट आग की चपेट में आ सकता था। असामाजिक तत्वों के हरकत की आशंका आसपास के लोगों ने बताया कि रात के समय मार्केट में कुछ असामाजिक तत्व नशा सेवन करने के उद्देश्य से इकट्ठा होते हैं। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि हो सकता है किसी ने सिगरेट या माचिस की तीली फेंक दी हो, जिससे आग लगी हो। नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक गणेश प्रसाद भगत का कहना है कि आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगना जरूरी है, क्योंकि इस घटना ने उन्हें भारी आर्थिक झटका दिया है।


