धनबाद जंक्शन पर शनिवार को मोबाइल चोर को यात्रियों ने रंगे हाथ पकड़ा। बलियापुर निवासी मुर्शिद अंसारी अपने मोबाइल को चार्जिंग पॉइंट पर लगा कर बैठ गए थे। थकान के कारण उन्हें नींद आ गई। इसी दौरान मौके का फायदा उठाते हुए एक चोर उनका मोबाइल चुपके से लेकर भागने लगा। तभी पास खड़े एक अन्य यात्री ने मुर्शिद को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मुर्शीद तुरंत हरकत में आए। चोर की तलाश शुरू कर दी। जिससे पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दुकान के पास बैठा मिला आरोपी मोबाइल चोरी की सूचना मिलते ही मुर्शिद ने प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में चोर की खोजबीन शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद स्टेशन के बाहर सड़क किनारे एक दुकान के पास आरोपी उन्हें बैठा मिला, जिसका चेहरा ढंका हुआ था। मुर्शिद ने उसे पकड़ लिया और उससे अपना मोबाइल वापस छीन लिया। इसके बाद उन्होंने आरोपी को कसकर पकड़ा और घसीटते हुए पूरे स्टेशन परिसर से होकर आरपीएफ पोस्ट तक ले गए। घटनास्थल पर मौजूद लोग इस घटनाक्रम को देखते रहे और कई ने यात्री की बहादुरी की सराहना की। लोगों का कहना था कि आरोपी शांत बैठा हुआ था ताकि किसी को उस पर शक न हो। आरपीएफ ने आरोपी को पकड़ा मुर्शिद ने आरोपी को आरपीएफ के हवाले कर दिया, जिसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने उससे पूछताछ शुरू की। स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों ने बताया कि इस तरह की मोबाइल चोरी की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुर्शिद ने हिम्मत दिखाकर मोबाइल चोर को पकड़ा, वह अन्य यात्रियों के लिए भी प्रेरणा है।


