पठानकोट के भोआ में राजमिस्त्री कुलदीप सिंह से चार अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित और उसके परिवार ने इस घटना के लिए सीआईए स्टाफ के कुछ सदस्यों पर आरोप लगाया है। कुलदीप सिंह इस समय व्हीलचेयर पर हैं और उन्होंने अपने परिवार तथा गांव के प्रमुख लोगों के साथ मिलकर एसएसपी पठानकोट को लिखित शिकायत दी है। कुलदीप सिंह ने मीडिया को बताया कि कुछ दिन पहले वह डीडा गांव में काम कर रहा था। दोपहर करीब 3 बजे एक सफेद रंग की कार में कुछ लोग आए और उसका नाम पूछकर उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। कैमरे दिखने पर सिर करा दिया जाता था नीचे कुलदीप सिंह के अनुसार, आरोपी उसे मारते-पीटते हुए थाना सदर पठानकोट के सीआईए हॉल ले गए। रास्ते में जहां भी कैमरे दिखते थे, उसे कार में सिर नीचे करके लेटने को कहा जाता था। सीआईए हॉल में भी उन्हें बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित ने बताया कि उसके परिवार ने उसका मेडिकल करवाया है। वे आज जिले के एसएसपी को शिकायत दर्ज कराने आए हैं। घायल की पत्नी ने एसपी को सौंपा शिकायती पत्र कुलदीप सिंह की पत्नी सविता देवी ने एसएसपी पठानकोट को शिकायत देकर न्याय की मांग की है। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने की अपील की है। गांव के गणमान्य व्यक्ति भी पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और न्याय की मांग का समर्थन किया। इस मामले पर एसपी राजिंदर कुमार शर्मा ने कहा कि घटना की गहराई से जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नेताओं की प्रतिक्रिया पूर्व विधायक सीमा देवी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि गरीब परिवार को न्याय मिल सके।


