कोडरमा में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एक यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा झुमरी तिलैया के सुभाष चौक से शुरू होकर जेजे कॉलेज तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस यूनिटी मार्च में कोडरमा सांसद सह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कोडरमा की विधायक डॉ. नीरा यादव मुख्य रूप से शामिल हुईं। पदयात्रा के दौरान देशभक्ति के नारे लगाए गए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने पदयात्रियों का उत्साहवर्धन किया और सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के अदम्य साहस, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा के कारण ही आज भारत एक सशक्त और संगठित राष्ट्र के रूप में स्थापित है। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र की अखंडता और एकता के लिए सरदार पटेल का योगदान अद्वितीय रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह यूनिटी मार्च युवाओं में देशभक्ति और संगठन की भावना को मजबूत करता है। इस यूनिटी मार्च में भाजपा कार्यकर्ता, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, प्रबुद्ध नागरिक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने सरदार पटेल के दिखाए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।


