अमृतसर में शनिवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘वॉक फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। यह पैदल मार्च युवाओं, बच्चों, महिलाओं और बुज़ुर्गों की बड़ी भागीदारी के साथ निकाला गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। मार्च की शुरुआत ऐतिहासिक हॉल गेट से हुई, जहां बड़ी संख्या में युवा तिरंगा लेकर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और भारत माता के जयघोष के बीच निकले मार्च में सरदार पटेल के विचारों और योगदान पर आधारित नारे भी लगाए गए। आयोजकों ने बताया कि, आज के युवा वर्ग को यह जानना चाहिए कि किस तरह सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की एकता को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि आजादी की कीमत अनगिनत कुर्बानियों से चुकाई गई है, और देश की एकता और अखंडता बनाए रखना आज भी उतना ही आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए संदेश ने भी कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह भर दिया। संदेश में कहा गया कि पटेल जी का जीवन हमें एक मजबूत, संगठित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की प्रेरणा देता है और यही संकल्प युवा पीढ़ी को आगे बढ़कर निभाना चाहिए। मार्च भरावां दे ढाबे पर पहुंचने के बाद जालियां वाला बाग की ओर बढ़ा, जहां प्रतिभागियों ने शहीदों को नमन किया। सभी ने मौन धारण कर उन वीरों की कुर्बानियों को याद किया जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्र करवाया। जिला अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि “यूनिटी मार्च युवाओं में देशप्रेम की भावना को मजबूत करता है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित करता है।” वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की एकता की नींव और पटेल जी के ऐतिहासिक योगदान से जोड़ना है।


