राजस्थान में कोल्ड-वेव (शीतलहर) कमजोर पड़ने और धूप निकलने के बाद साल के पहले दिन दोपहर में लोगों को कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत मिली। जयपुर, सीकर, अलवर, माउंट आबू (सिरोही) समेत कई शहरों में कल (एक जनवरी) दिन का अधिकतम तापमान 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। दोपहर और देर शाम इन शहरों में शीतलहर से भी राहत रही। मौसम विशेषज्ञों ने राज्य में 6 जनवरी तक इसी तरह का मौसम रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा तापमान 28 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। जोधपुर में कल अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 24.6, सिरोही 24.5, माउंट आबू 22.8, डूंगरपुर 24.3, नागौर 23.2, चित्तौड़गढ़ 22.3, सीकर में 21 और अजमेर में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ
जयपुर, अलवर, पिलानी, बीकानेर, चूरू, गंगानगर, कोटा, बारां, हनुमानगढ़, करौली, भीलवाड़ा में बुधवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। बुधवार को सबसे सर्द दिन हनुमानगढ़ में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा-बारां में भी दिन ठंडा रहा। यहां पूरे दिन कोहरा रहने के कारण अधिकतम तापमान में 13.7 डिग्री, बारां में 12.7 और श्रीगंगानगर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज (2 जनवरी) गंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, अलवर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बारां, बूंदी, कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर जिलों में कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। 3 से लेकर 5 जनवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने और कोल्ड-वेव और कोहरे से राहत मिलने की संभावना है।


