बाड़मेर जिला मुख्यालय पर मल्लीनाथ सर्किल से वाहन रैली के साथ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की शुरूआत हुई। इस दौरान यूआईटी सचिव श्रवणसिंह राजावत, जिला परिवहन अधिकारी ओमप्रकाश, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग सूराराम चौधरी, सहायक निदेशक प्रमोद वैष्णव एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी विमल शाह, महिला मंडल बाड़मेर आगोर के आदिल भाई ने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाई। इसके माध्यम से बाड़मेर शहर में आमजन को यातायात नियमों की पालना करने का संदेश दिया गया। जिला परिवहन अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान 31 जनवरी तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार सड़क सुरक्षा माह की थीम परवाह रखी गई है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए आमजन को जागरूक किया जाएगा। ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जागरूकता कार्यक्रमों के साथ सड़क सुरक्षात्मक कार्यवाही करते हुए लापरवाही एवं तेज गति से वाहन संचालन, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट, छत पर सवारी, भारी वाहनों में सवारी, बिना परमिट, बिना रिफ्लेक्टिव टेप, अवैध वाहन संचालन पर पुलिस एवं परिवहन विभाग की ओर से सघन कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा आईआरएडी सिस्टम के आधार पर दुर्घटना स्थानों पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए ब्लैक स्पॉटों का दुरस्तीकरण संबंधित रोड एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।


