सिटी रिपोर्टर|रांची आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत दूसरे दिन शनिवार को रांची नगर निगम और जिला प्रशासन के द्वारा कई क्षेत्रों में कैंप आयोजित किए गए। इन शिविरों में सबसे अधिक भीड़ मंईयां योजना को लेकर शिकायतें और मामले आ रहे हैं, मगर दो दिन बीत जाने के बाद भी न तो रांची नगर निगम और न ही जिला प्रशासन आंकड़ा जारी कर रहा है। प्रशासन एवं निगम शिकायतों और समस्या हल करने की बातें तो कर रहा है, मगर इसका वास्तविक आंकड़ा जारी करने से परहेज कर रहा है। रांची नगर निगम के द्वारा कुल सात वार्ड में शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कई मामले आए, जिसका ऑन स्पॉट निष्पादन किया गया। मोरहाबादी एमटीएस, मंडाटांड़ मोरहाबादी, बूटी मोड़ सामुदायिक भवन, बांधगाड़ी सामुदायिक भवन, सामुदायिक भवन गाड़ीगांव, पाहन टोली, बिरसा मुंडा समाधि स्थल, एम टाइप पार्क आदि जगहों पर शिविर आयोजित किए गए। प्रशासक ने वार्ड शिविर में ऑन-द-स्पॉट मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के लाभुकों को जॉब कार्ड एवं वेंडर्स को वेंडर कार्ड दिए। शनिवार को कुल सात वार्डों में आयोजित शिविर में कुल 468 आवेदन प्राप्त किए गए।


