रांची | धुर्वा एमटीएस में कार्यरत सफाईकर्मियों ने मानदेय नहीं मिलने और मांगों को पूरा नहीं किए जाने से नाराज होकर शनिवार को काम ठप कर दिया। कर्मचारियों ने स्वच्छता कॉर्पोरेशन कंपनी पर समय पर मानदेय नहीं देने का आरोप लगाया। कहा कि पैसा नहीं मिलने से घर चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसी स्थिति रही तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जांएगे। कर्मचारियों के काम ठप करने की वजह से धुर्वा, हटिया क्षेत्र में घरों से कूड़े का उठाव नहीं हुआ। लोगों को अपने घर का कूड़ा सड़क पर फेंकना पड़ा। हालांकि, निगम के पदाधिकारियों ने नाराज कर्मचारियों से वार्ता करके भुगतान दिलाने का आश्वासन दिया है। लेकिन कर्मचारियों ने रविवार को बैठक करने के बाद आगे का निर्णय लेने की बात कही है।


