हिमालय की बर्फबारी से झारखंड में ठंड:10 डिग्री पहुंचा मिनिमम टेम्परेचर, 5 जनवरी के बाद चढ़ेगा पारा, 7 के बाद फिर गिरेगा

हिमालय के आसपास के राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। इस बर्फबारी का असर रांची सहित पूरे झारखंड पर दिख रहा है। दरअसल, झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो गया है। इस वजह से उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं से ठंड बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान में अभी भी बहुत अधिक गिरावट नहीं हुई है। इसके बावजूद ठंड लग रही है। पहाड़ों में बर्फबारी होती रही तो 15 जनवरी तक सर्दी का सितम जारी रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है। 10 डिग्री पहुंचा मिनिमम टेम्परेचर बर्फीली हवाओं का असर राज्य में इस कदर है कि अधिकांश जिलों का तापमान 10 डिग्री के करीब है। तीन जिले ऐसे हैं जहां का तापमान 8 डिग्री पहुंच गया है। वहीं 10 से अधिक जिले 9 डिग्री का मिनिमम टेम्परेचर बर्दाश्त कर रहे हैं। अन्य में 10 से 11 डिग्री के आसपास न्यूनतम तापमान है। इस बढ़ी हुई ठंड की वजह से लोग बीमार भी होने लगे हैं। पहाड़ों में बर्फबारी का असर लोगों की सेहत पर पड़ना शुरू हो गया है। यह ठंडी हवा जानलेवा साबित हो रही है। पिछले तीन दिनों में अस्पताल में मौसमी बीमारी के करीब 25% रोगी बढ़े हैं। छोटे बच्चे भी ठंड की चपेट में आने के बाद अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। वहीं, बुजुर्गों की बात करें तो पिछले तीन दिन में रिम्स में ब्रेन स्ट्रोक के 4 मरीज की मौत हो गई। जबकि शहर के अन्य 7 निजी अस्पतालों में 3 दिन में ब्रेन स्ट्रोक के कारण मरने वालों की संख्या 9 रही। मौसम के कारण बच्चों को कान में संक्रमण बढ़ा है। 15 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में नहीं होगी अधिक गिरावट जनवरी के पहले 15 दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। 15 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में बहुत अधिक गिरावट की संभावना कम है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने की संभावना है। बारिश हुई तो तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। लेकिन वह भी काफी कम समय के लिए होगा। जनवरी माह में पिछले पांच वर्षों के दौरान न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। साल 2020 में 25 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले वर्ष 2024 में 15 जनवरी को सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जनवरी में दो वर्ष बारिश भी हुई। वर्ष 2020 में 3 जनवरी को 16.6 एमएम बारिश हुई थी। इस वर्ष पूरे माह 43.7 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। वहीं वर्ष 2022 में 13 जनवरी को 23.6 एमएम बारिश हुई थी। इस माह पूरे माह 34.4 एमएम बारिश हुई थी। 5 जनवरी के बाद चढ़ेगा पारा, सात के बाद फिर गिरेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने से आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। 4 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहेगा। लेकिन 5 जनवरी को बादल छाएगा। ऐसे में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। पारा 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 6 जनवरी को भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। 7 जनवरी से एक बार फिर मौसम में बदलाव दिखेगा। आसमान में बादल छाया रहेगा। सुबह में कोहरा और धुंध छाया रहेगा। इसके बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *