पत्नी और नवजात को मारकर करना चाहता था दूसरी शादी:दवा में जहर मिलाकर पिलाने की कोशिश, दुर्गंध से महिला को हुआ शक, बच्चा इलाजरत

लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के उक्कामाड़ गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और 20 दिन के नवजात बच्चे को जहर देने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति दूसरी शादी की तैयारी में था।इसके लिए वह पत्नी व बच्चे को रास्ते से हटाना चाहता था। घटना शनिवार रात की है। जानकारी के मुताबिक पति ने पत्नी और नवजात को दवा देने के बहाने जहर मिलाकर पिलाने का प्रयास किया। नवजात को जैसे ही दवा पिलाई गई, उसमें से तेज दुर्गंध आने लगी। बच्चा दवा का कुछ हिस्सा ही पी पाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसी दौरान पत्नी को शक हुआ। उसने दवा को सूंघकर आशंका जताया कि इसमें जहर मिलाया गया है। गांव की ही युवती से अफेयर में था पति पीड़िता रूबी देवी ने बताया कि उसकी शादी एक वर्ष पहले पीतलेश सिंह से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद पति का व्यवहार बदलने लगा। रूबी ने आरोप लगाया कि पीतलेश का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध है। वह उसी से शादी करना चाहता है। इसी कारण वह रूबी और उसके नवजात को अपने जीवन से हटाना चाहता था। रूबी के अनुसार, शनिवार को पति ने दोनों के लिए दवा लाकर कहा कि इसे लेने से कमजोरी दूर होगी। लेकिन दवा से उठती दुर्गंध ने रूबी को सतर्क कर दिया। उसने तुरंत नवजात को लेकर मेदिनीनगर के एमएमसीएच पहुंची। रात में ही बच्चे को अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती करा दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से बच्चे की स्थिति में सुधार होने लगा है, हालांकि अभी उसे निगरानी में रखा गया है। पुलिस को मिली जहर मिलाई हुई दवा अस्पताल चौकी पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली है। रूबी देवी ने दोनों दवाएं पुलिस को सौंप दी हैं, जिनमें जहर होने की आशंका है। पुलिस दवा को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। महिला ने अपने पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल नवजात एसएनसीयू में मां की देखरेख में है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। घटना के बाद गांव में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक का व्यवहार पिछले कुछ समय से संदेहास्पद था। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *