छ्त्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने सुकमा में सरेंडर किए नक्सलियों से मुलाकात की। इनके लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए खुद आवेदन करवाया। साथ ही अफसरों से कहा कि जल्द ही इनके स्वास्थ्य की जांच के लिए मेडिकल कैंप लगवाएं। दरअसल, 22 नवंबर को विजय शर्मा सुकमा में बनाए गए पुनर्वास केंद्र निरीक्षण के लिए पहुंचे। जहां उन्होंने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं के साथ चौपाल लगाकर उनसे बात की। इस दौरान पुनर्वासित युवाओं ने अपनी बातों को उनके सामने रखा। गृह मंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी ली। व्यवस्था की जानकारी ली इसके साथ ही गृहमंत्री ने केंद्र में व्यवस्थाओं के संबंध में युवाओं से सीधे जानकारी भी ली और अधिकारियों को उनके खाने और अन्य आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। युवाओं से शिक्षा और खेती एवं उनके परिवार सदस्यों से मुलाकात के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और पुनर्वासित युवाओं से कहा कि आपके परिजन यदि पुनर्वास केंद्र में आकर मुलाकात करना चाहते हैं और यदि बाजार वाले दिन आकर जब भी मिलना चाहें तो उनसे मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी पुनर्वासित युवा के परिवार जेल में बंद हैं और युवा उनसे मिलना चाहें तो उसकी भी व्यवस्था की जाएगी। सरेंडर नक्सलियों के विवाह भी करवाएंगे विजय शर्मा ने युवाओं में से यदि कोई विवाह की इच्छा भी रखते हैं तो उनके लिए भी सामूहिक विवाह की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुनर्वासित युवाओं ने अपने मूलभूत दस्तावेज पूर्ण न होने की जानकारी दी। जिस पर विजय शर्मा ने तुरंत जिला प्रशासन के अधिकारियों को दस्तावेज बनवाने के निर्देश दिए। जिसमें उन्होंने स्वयं अधिकारियों के साथ बैठकर दस्तावेज निर्माण प्रक्रिया का निरीक्षण किया और जहां भी दिक्कतें आईं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर उनका निराकरण भी किया। आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन कराए गए। रायपुर लेकर जाएंगे गृहमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं को विधानसभा सत्र के दौरान रायपुर भ्रमण कराकर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी देने और उन्हें कार्यप्रणाली से अवगत कराने एवं इनके लिए पुनर्वास केंद्र में ही विशेष स्वास्थ्य शिविर लगवाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।


