दुबई एयरशो हादसा-तेजस उड़ा रहे विंग कमांडर नमांश की कहानी:पिता से कहा था- यूट्यूब पर लाइव शो देखना, उन्होंने क्रैश और मौत की खबर देखी

दुबई एयर शो में क्रैश हुए एयरफोर्स के लड़ाकू विमान तेजस में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले विंग कमांडर नमांश स्याल (34) की मौत हो गई। दुबई में औपचारिकताएं पूरी करके नमांश का पार्थिव शरीर रविवार या सोमवार तक कांगड़ा आने की उम्मीद है। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव नगरोटा बगवां में किया जाएगा। नमांश के पिता जगरनाथ स्याल को बेटे की शहादत की खबर यू-ट्यूब पर वीडियो देखते हुए मिली। हादसे से एक दिन पहले नमांश ने ही उन्हें एयरशो के वीडियो टीवी या यूट्यूब पर देखने को कहा था। एयरशो की वीडियो देखते ही उन्हें हादसे के बारे में पता चला। थोड़ी देर बाद वायुसेना के 6 अधिकारी उनके घर पहुंचे। तभी उन्हें बेटे के साथ हुए हादसे की पुष्टि का एहसास हुआ। जगरनाथ स्याल भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने बताया, मैं एयरशो के वीडियो देख रहा था, तभी एक रिपोर्ट में तेजस के गिरने की खबर आई। दिल दहल गया। इसके बाद, मैंने बहू को फोन किया, वो खुद भी वायुसेना में हैं। दुबई एयरशो में विमान क्रैश के PHOTOS… नमांश एक बेटी के पिता
नमांश स्याल भारतीय वायुसेना में बीते 16 साल से अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी पोस्टिंग इन दिनों कोयंबटूर में थी। वह, 6 दिन से दुबई में एयर शो में हिस्सा ले रहे थे। शुक्रवार को एयरपोर्ट पर शो का अंतिम दिन था। उस दिन ही तेजस दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नमांश के परिवार में उनकी पत्नी अफसान, एक बेटी और उनके माता-पिता हैं। दुर्घटना के समय उनके माता-पिता हैदराबाद घूमने गए थे। उनकी पत्नी अफसान एयरफोर्स में पायलट हैं। दुबई के अल मकतूम एयरपोर्ट पर भरी थी उड़ान
वायुसेना ने बताया कि दुबई के अल मकतूम एयरपोर्ट पर तेजस एमके-1 ने प्रदर्शन के दौरान डेमो उड़ान भरी थी। तभी विमान बेकाबू हो गया और नीचे गिर गया। जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और काले धुएं के गुबार हवा में फैल गए। हादसे में नमांश की मौत हो गई। क्रैश के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी की जाएगी। वायुसेना का तेजस जेट क्रैश होने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 2024 में राजस्थान के पोकरण में युद्धाभ्यास के दौरान इंजन फेल होने की वजह से तेजस क्रैश हो गया था। एक्सपर्ट बोले- नमांश निगेटिव G-फोर्स टर्न से उबर नहीं पाए
रिपोर्ट्स के मुताबिक तेजस के पायलट नमांश निगेटिव G-फोर्स टर्न से रिकवर नहीं कर पाए। इसके चलते विमान नियंत्रण खो बैठा। वीडियो में साफ दिखता है कि तेजस विमान सीधे नीचे गिरा और इसमें कोई ग्लाइडिंग नहीं दिखी। यानी रिकवरी फेल रही और विमान फ्री-फॉल में चला गया। सुजानपुर स्कूल में श्रद्धांजलि देने को विशेष प्रार्थना सभा नमांश ने हमीरपुर जिले के सुजानपुर सैनिक स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की। वह 2005 बैच के पासआउट थे। इसके बाद, उन्होंने 12वीं की पढ़ाई के बाद ग्रेजुएशन के साथ ही एयरफोर्स में जाने की तैयारी की। नमांश स्याल को श्रद्धांजलि देने के लिए सैनिक स्कूल सुजानपुर में आज एक विशेष प्रार्थना सभा की गई। स्कूल के छात्रों और शिक्षकों ने नम आंखों से अपने पूर्व स्टूडेंट को याद किया। स्कूल की प्रिंसिपल रचना जोशी ने कहा कि नमांश एक होनहार स्टूडेंट थे। वह, स्कूल के चिनाब हाउस के हाउस कैप्टन और एक उत्कृष्ट खिलाड़ी थे। सीएम ने संवेदनाएं प्रकट की
नमांश स्याल की शहादत पर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी संवेदनाएं प्रकट की हैं। X पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री ने लिखा- देश ने एक बहादुर, कर्तव्यनिष्ठ और साहसी पायलट खो दिया है। वीर सपूत नमांश स्याल जी की अदम्य वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को हृदय से नमन करते हैं। ————— ये खबर भी पढ़ें… हिमाचल का जवान जम्मू-कश्मीर में शहीद, कुपवाड़ा में आतंकियों से मुठभेड़ में लगी गोली हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के सेना में लांस दफेदार बलदेव चंद देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान बिलासपुर के झंडुता के बलदेव चंद को गोली चली। लांस दफेदार बलदेव चंद अपने पीछे 7 साल के बेटे, पत्नी, माता और पिता को छोड़ गए हैं। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *