सूरजपुर में तमोर पिंगला अभयारण्य से लौटते समय हाथियों के झुंड के हमले में एक 50 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। घटना देर शाम की है, जब वह जंगल से वापस आ रहा था। हाथियों ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक अपने दो साथियों के साथ जड़ी-बूटियां इकट्ठा करने और अन्य कार्यों के लिए अभयारण्य के जंगल में गया था। शाम को लौटते समय उनका सामना अचानक हाथियों के दल से हो गया। हाथियों ने ग्रामीण पर हमला कर उसे जमीन पर पटक दिया और पैरों तले रौंद डाला। जंगल में छिपकर एक ने बचाई जान उसके साथी किसी तरह जंगल में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। फसलों को भी नुकसान वन अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है, इसलिए बिना आवश्यक कार्य के जंगल की ओर न जाएं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों का दल जंगल से निकलकर गांवों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है और जान-माल का खतरा बना हुआ है।


