दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम महका कला में शनिवार रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में एक 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना में हितेश सिन्हा (20) की मौ हो गई। जानकारी के मुताबिक, युवक गांव में एक कार्यक्रम से लौट रहा था। देर रात करीब 2.30 बजे पिकअप वाहन की छत पर बैठकर अपने गांव महका कला जा रहा था। शीतला तालाब के मोड़ के पास चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे हितेश संतुलन खोकर सड़क पर गिर गए। गिरने के बाद वे उसी पिकअप की चपेट में आ गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक से लौट रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।


