राजनांदगांव पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के तीन अलग-अलग मामलों में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है। जिनकी कीमत 15 लाख 40 हजार रुपए है। यह कार्रवाई कोतवाली पुलिस चौकी चिखली और साइबर सेल के संयुक्त अभियान में की गई। पहला मामला ओमप्रकाश पटेल ने दर्ज कराया था, जिसमें उनके भांठागांव स्थित घर के पास से 1.50 लाख रुपए की ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हो गई थी। दूसरा मामला 21 नवंबर को मनोज कुमार पटेल ने दर्ज कराया, जिसमें पार्रीकला स्थित ट्रैक्टर डीलरशिप संस्थान से 90,000 रुपए की ट्रैक्टर-ट्रॉली 11 नवंबर को चोरी हुई थी। अलग-अलग टीमें गठित की गईं इसी दिन धनेश साहू ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 से 17 नवंबर के बीच आकाश हाउस ऑफ ट्रैक्टर्स, जीई रोड, पार्रीनाला से 90,000 रुपए की चार पहिया ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हो गई थी। अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। घटना स्थलों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इन्हें किया गया गिरफ्तार फुटेज से मिले सुराग और मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लोकेश कुमार साहू (27, राजीव नगर लखोली), सुमीत मौर्या (26, ठाकुरटोला), निकेत झारिया (21), टीकम दास साहू (25) शामिल हैं। इसके अलावा चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली खरीदने वाले आरोपी भूषण कुमार देवांगन (40) और राजकुमार भारती (41, अभनपुर, जिला रायपुर) को भी घेराबंदी कर पकड़ा गया।


