छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के परिणामों में बलौदाबाजार जिले के पलारी ब्लॉक स्थित सकरी (स) गांव के सुमन साहू ने सफलता प्राप्त की है। किसान परिवार से आने वाले सुमन ने राज्य में 44वीं रैंक हासिल कर वित्त विभाग में अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी का पद प्राप्त किया है। सुमन के पिता कमल नारायण साहू एक किसान हैं और सिलाई का कार्य भी करते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद सुमन ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने बताया कि दो बार असफल होने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तीसरे प्रयास में यह सफलता अर्जित की। सुमन की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है। एक किसान के बेटे के अधिकारी बनने तक का उनका सफर यह दर्शाता है कि कड़ी मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।


