ट्रांसफार्मर ठीक करते कर्मचारी की करंट लगने से मौत:दुर्ग में ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र के भटगांव में रविवार को करंट लगने से बिजली कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष ठाकुर के रूप में हुई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, भटगांव के नजदीक लगे ट्रांसफार्मर में रविवार सुबह तकनीकी खराबी आ गई थी। शिकायत मिलने पर बिजली विभाग का एक नियमित कर्मचारी और निजी कर्मचारी संतोष ठाकुर मरम्मत के लिए मौके पर पहुंचे। ट्रांसफार्मर ठीक करते समय संतोष ठाकुर अचानक करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से संतोष ठाकुर वहीं गिर गए। साथी कर्मचारी और आसपास मौजूद ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विभाग कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरण, जैसे सेफ्टी किट और दस्ताने, के काम पर भेजता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उचित सुरक्षा मापदंडों का पालन नहीं किया गया और बिना लाइन शटडाउन किए ही संतोष से काम करवाया जा रहा था। ग्रामीणों का मानना है कि यदि सुरक्षा नियमों का पालन किया जाता तो संतोष की जान बच सकती थी। मुआवजा और जांच की मांग हादसे की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और मामले की जांच की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर उतर आए। उन्होंने सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों-ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं आते और लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक वे जाम नहीं हटाएंगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग दोषियों पर कार्रवाई नहीं करता है, तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *