देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन के आयोजन को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने महत्वपूर्ण नोटिफिकेशन जारी किया है। कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि नोटिफिकेशन के अनुसार 22, 23, 24, 28 और 29 जनवरी को बीई-बीटेक के लिए परीक्षा होगी। पांच दिनों में 2-2 शिफ्टों में परीक्षा होगी, जिसमें पहली शिफ्ट सुबह 9 से 12 तथा दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 3 से 6 बजे तक होगी। इसी तरह 30 जनवरी को दोपहर 3 से 6 बजे की शिफ्ट में बीआर्क, बीप्लानिंग की परीक्षा होगी। देश के बाहर यह परीक्षा 15 शहरों में होगी। इस नोटिफिकेशन के साथ अब शीघ्र ही जनवरी के पहले या दूसरे सप्ताह में सिटी इंटीमेशन जारी किया जा सकता है। इसके बाद परीक्षा के तीन दिन पहले एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।


