बलरामपुर में भालू ने महिला पर हमला किया:पालतू कुत्ते ने बचाई जान, गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर, बकरी चराने गई थी जंगल

बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र में एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। रविवार हुई इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना ग्राम पंचायत अमरथा के भुनेश्वरपुर में हुई। महिला अपनी बैल और बकरियों को चराने जंगल की ओर गई थी, तभी झाड़ियों से अचानक एक भालू निकल आया और उस पर हमला कर दिया। महिला के साथ मौजूद पालतू कुत्ते ने भालू पर भौंकना शुरू कर दिया। कुत्ते की लगातार आवाज और उसकी मौजूदगी से भालू घबराकर मौके से भाग गया, जिससे महिला की जान बच गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ पहुंचाया। शंकरगढ़ विकासखंड के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आफताब अंसारी ने बताया कि महिला के शरीर पर गहरे घाव हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भालुओं की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग को इसकी सूचना दी है और इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।विभाग ने भी ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *