कांगड़ा में चार नशा तस्कर गिरफ्तार:चरस-चिट्टा और गाड़ियां बरामद; अमृतसर से करते थे सप्लाई

कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत दो अलग-अलग स्थानों से चार युवकों को गिरफ्तार किया और उनके पास से चरस व चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। आरोपियों के वाहन भी जब्त कर लिए गए। पहली कार्रवाई भवारना थाना पुलिस ने भट्टू रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी के दौरान की। पुलिस ने एक मारुति 800 (HP-37B-2375) को रोका और तलाशी के दौरान 84 ग्राम चरस बरामद की। वाहन में सवार शुभम कुमार (24) निवासी अनसोई, शाहपुर और अशोक कुमार (25) निवासी रजोल, शाहपुर को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने वाहन सहित चरस जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत केस दर्ज कर लिया है। अमृतसर से कांगड़ा में चिट्टा सप्लाई दूसरी कार्रवाई नगरोटा बगवां में हुई, जहां कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम को अमृतसर से चिट्टा सप्लाई की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मलां रेलवे क्रॉसिंग (NH-154) के पास दबिश दी। पुलिस ने रणजीत सिंह (34) और रिशव (32), दोनों निवासी अवैरी (बैजनाथ) को गिरफ्तार किया। उनकी गाड़ी (HP01D-5066) से 8.94 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार में लिप्त थे और काफी समय से पुलिस की निगरानी में थे। नगरोटा बगवां थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कांगड़ा पुलिस ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसपी कांगड़ा ने जानकारी दी कि हर थाने के स्तर पर नाकाबंदी और गश्त बढ़ाई गई है, और किसी को भी कानून तोड़ने की छूट नहीं दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *