धनबाद के धनसार थाना के मनईटांड छठ तालाब के समीप बुधवार की रात एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया जाता है कि गांधीनगर सब्जी बागान का रहने वाला रितेश रवानी अपने चार दोस्तों के साथ छठ तालाब के पास बैठ कर शराब पी रहा था। तभी धनसार पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी देख पांचों युवक भागने लगे। भागने के क्रम में रितेश रवानी कुएं में गिर गया। जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने युवक को बाहर निकाला। पुलिस ने इलाज के लिए भेजा अस्पताल धनसार पुलिस ने युवक को इलाज कराने के लिए धनबाद के एक निजी नर्सिंग होम ले गए। जहां से बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया। जहां चिकित्सकों ने युवक रितेश रवानी को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार मृत युवक रितेश रवानी के पिता गोपाल रवानी पेशे से दिहाड़ी मजदूर हैं। रितेश के परिवार में तीन बहन हैं। जिसमें दो बहन की शादी हो चुकी है। वहीं एक बहन छोटी है। रितेश रवानी अपने पिता व बहन के साथ गांधी नगर में किराए के मकान पर रहता था। वह घर का इकलौता बेटा था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी सूचना स्थानीय लोगों ने बताया कि विकास नगर छठ तालाब के समीप आए दिन युवकों द्वारा शराब का सेवन किया जाता है। जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने धनसार पुलिस को दिया था। जिसके बाद पुलिस पहुंची थी। वहीं धनसार थाना प्रभारी ने बताया कि नव वर्ष को लेकर पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी क्रम में छठ तालाब के पास कई लोग शराब पी रहे थे। पुलिस की गाड़ी देखकर सब लोग भाग गए। इसी दौरान सूचना मिली कि भागने के क्रम में एक लड़का कुएं में गिर गया।


