तमिलनाडु विधानसभा चुनाव-सीट शेयरिंग के लिए कांग्रेस ने कमेटी बनाई:DMK के साथ ही चुनाव लड़ेंगे; एक्टर विजय की पार्टी से गठबंधन की अटकलें खत्म

तमिलनाडु में कांग्रेस और सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) एक साथ विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने शनिवार को चुनाव के 4 महीने पहले सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत के लिए 5 सदस्यीय कमेटी का ऐलान किया। यह कमेठी गठबंधन का रोडमैप तैयार करेगी। राज्य में अगले साल अप्रैल के आखिर में चुनाव हो सकते हैं। 2001 में भी दोनों ने साथ में चुनाव लड़ा था। राज्य में सरकार बनाई थी। पिछले कुछ हफ्तों में चर्चा थी कि कांग्रेस 2026 के चुनाव में एक्टर विजय की नई पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ मिलकर चुनाव लड़ सकती है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी मौजूदा गठबंधन यानी DMK-कांग्रेस गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ेगी। तमिलनाडु–पुडुचेरी के कांग्रेस इंचार्ज गिरीश चोडनकर को कमेटी अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा, तमिलनाडु कांग्रेस के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई, कांग्रेस विधायक दल के नेता एस. राजेश कुमार सहित अन्य दो सदस्य भी कमेटी में शामिल हैं। TVK सर्वे में कांग्रेस से गठबंधन की अटकलें थीं तमिल मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक TVK ने कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर एक सर्वे कराया था और उसमें अच्छे नतीजे मिले थे लेकिन कांग्रेस का रुख ठंडा ही रहा। इन रिपोर्टों के अनुसार कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने TVK के साथ जाने के विकल्प पर सोचा तक नहीं था। इसके थोड़े समय बाद ही TVK के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी सीटीआर. निर्मल कुमार ने भी इन अटकलों को खारिज कर दिया था। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर कहते हैं कि अगर कांग्रेस अपनी असली ताकत के आधार पर किसी भी गठबंधन में सीटों में हिस्सा चाह रही है, तो यह पूरी तरह गलत नहीं है। उनका कहना है कि पार्टी की केंद्रीय लीडरशिप को वक्त पर और सही फैसले लेने चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित रहे कि तमिलनाडु में सेक्युलर सरकार चलती रहे। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के बीच रिश्ते 2016 से ही अच्छे रहे हैं। तमिलनाडु में कांग्रेस का प्रदर्शन तमिलनाडु में कुल 234 विधानसभा सीटें है। 2021 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और DMK ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। कांग्रेस ने 25 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 18 पर जीत हासिल की थी। वहीं DMK ने 159 सीटें जीती थीं। इस जीत के साथ 10 साल बाद DMK की सत्ता में वापसी हुई थी और एमके स्टालिन पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। वहीं, पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस-DMK गठबंधन ने तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर जीत दर्ज की। इनमें से कांग्रेस ने 9 सीटें जीती थीं। ————————————- ये खबर भी पढ़ें…. तमिलनाडु में SIR के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची DMK तमिलनाडु की सत्तारूढ़ DMK पार्टी ने राज्य में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। सोमवार को DMK के संगठन सचिव और वरिष्ठ नेता आर एस भारती ने पार्टी सांसद और वरिष्ठ वकील एनआर एलंगो के माध्यम से कोर्ट में याचिका दायर की। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *