डीजी कॉन्फ्रेंस को लेकर अफसरों की बैठक:दो लेयर में होगी पीएम मोदी की सुरक्षा, इसमें तैनात रहेंगे छह आईजी समेत 2000 जवान

नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक होने वाली 60वीं अखिल भारतीय डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सिविल लाइन सी-4 में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें आईआईएम, नवीन विश्राम गृह, स्पीकर हाउस, एम-11 मंत्री बंगले समेत अन्य स्थानों की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई। इन जगहों पर तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी। ड्यूटी कैसी रहेगी, क्या-क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसकी जानकारी देने रविवार को बैठक हुई। पीएम की सुरक्षा का प्रभारी एडीजी दीपांशु काबरा को बनाया गया है। उनके साथ 6 से अधिक आईजी और डीआईजी स्तर के अधिकारी ड्यूटी में तैनात रहेंगे। खुफिया चीफ अमित कुमार को नवा रायपुर में होने वाली डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस की संपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने अफसरों की बैठक बुलाकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में आईजी आनंद छाबड़ा, अंकित गर्ग, अमरेश मिश्रा, डॉ. संजीव शुक्ला, ध्रुव गुप्ता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आईजी छाबड़ा, ओपी, ध्रुव को ये जिम्मा
सभी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आईजी छाबड़ा को भोजन व्यवस्था, ओपी पाल को आवास, ध्रुव गुप्ता को कंट्रोल रूम और अन्य अधिकारियों को परिवहन व अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वीआईपी जहां भी ठहरेंगे, वहां कमांडेंट या एसपी रैंक के अधिकारियों को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है। तीन शिफ्ट में अधिकारियों की ड्यूटी रहेगी। आईआईएम में आईजी रैंक के अधिकारी तैनात रहेंगे। ऐसे होगी ठहरने की व्यवस्था
प्रधानमंत्री एम-1 केंद्रीय गृहमंत्री एम-11 में ठहरेंगे। नवीन सर्किट हाउस में एनएसए अजीत डोभाल, डिप्टी एनएसए अनीश दयाल सिंह, आईबी चीफ तपन डेका, केंद्रीय गृह सचिव और दोनों केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के ठहरने की व्यवस्था की गई है। सर्किट हाउस में 6 सूइट और 22 कमरे बुक किए गए हैं। ठाकुर प्यारेलाल संस्थान में 140 कमरे और निमोरा अकादमी में 91 कमरे बुक हैं। यहां 33 राज्यों से आने वाले डीजीपी, पैरामिलिट्री फोर्स के 20 डीजी/एडीजी समेत 75 पुलिस अधिकारी ठहरेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *