डीग जिले के कामां थाना इलाके में एक 16 साल की नाबालिग के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। कल नाबालिग की मां ने पुलिस में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। आज नाबालिग का मेडिकल करवाया जाएगा। आरोपियों ने हथियारों का भय दिखाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। रात में नाबालिग को तीन आरोपी उसके घर के बाहर से अपहरण कर ले गए थे। नाबालिग की मां ने मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि वह 29 दिसंबर 2024 को अपने पीहर गई थी। महिला की नाबालिग बेटी और उसके बेटे की बहू घर पर अकेली थी। 29 दिसंबर की रात 10 बजे नाबालिग पेशाब करने के लिए जैसे ही घर से बाहर निकली तो, घर के बाहर खड़े तीन युवकों ने नाबालिग को हथियारों का भय दिखाकर बाइक पर बैठा लिया। तीनों युवक नाबालिग को उत्तर प्रदेश की तरफ ले गए। तीनों आरोपी नाबालिग को एक सरसों के खेत में लेकर पहुंचे। जहां पहले से 2 युवक मौजूद थे। पांचों युवकों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। साथ ही आरोपियों ने उसके अश्लील वीडियो भी बनाये। आरोपियों ने नाबालिग को धमकी दी की अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो, वह उसके अश्लील फोटो वीडियो वायरल कर देंगे। नाबालिग की रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर एक व्यक्ति खेत में पहुंचा। जिसे देखकर आरोपी वहां से भाग गए। आरोपियों की बाइक और जूते चप्पल भी मौके पर रह गए। थाना अधिकारी मनीष शर्मा का कहना है की नाबालिग की मां ने शिकायत दी है। जिसके बाद मामला दर्ज कर मौके पर जाकर आरोपियों की बाइक और जूते चप्पल जब्त कर लिए गए हैं। आज नाबालिग का मेडिकल करवाया जाएगा।


