अपने विवादित बयानों से चर्चा में रहने वाले झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी एक बार फिर चर्चा में हैं। SIR पर दिया गया उनका बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल जामताड़ा जिले के नारायणपुर में आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी मंच से लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इरेजमेंट रिव्यू) करने के नाम पर आपकी पहचान छिनी जा रही है। वोटर लिस्ट से नाम काटा जा रहा है। आधार कार्ड से नाम हटाया जा रहा है। कहा कि अगर एसआईआर के लिए कोई अधिकारी आए तो उसे बांध कर रखिएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया आपकी नागरिकता खत्म करने की साजिश का हिस्सा है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर भी इस वीडियो डाला है। उनके इस बयान के बाद से राजनीति गलियारे में चर्चा तेज हो गई है। बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम हटे मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि कई राज्यों में एसआईआर के जरिए नाम काटे जा रहे हैं। बिहार में चुनाव से पहले एसआईआर होने से 65 लाख मतदाताओं के नाम हटे थे। उन्होंने दावा किया कि वहां भाजपा के लोगों ने 80 विधानसभा हमसे छिन लिया। आपकी पहचान छिन ली। आपको घुसपैठिया बना दिया। डॉ इरफान अंसारी के मुताबिक यह वही रणनीति है जिसके जरिए बिहार में नाम काटे गए। अब बंगाल में इसे लागू कर रहा है। इसके बाद झारखंड में करेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने दस्तावेज मजबूत रखें और किसी भी अधिकारी को गलत कार्रवाई नहीं करने दें। बीजेपी ने जताया कड़ा विरोध, कहा– मंत्री भ्रम फैला रहे डॉ इरफान अंसारी के इस बयान के बाद भाजपा ने तुरंत पलटवार किया। मीडिया में आई खबर के मुताबिक भाजपा जिला अध्यक्ष सुभाष शरण ने कहा कि मंत्री लोगों को उकसाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसका मकसद वोटर सूची को अपडेट करना है। भाजपा नेता ने कहा कि मंत्री जानबूझकर गलत जानकारी देकर लोगों में डर फैलाने का काम कर रहे हैं। सुभाष शरण ने कहा कि सरकार की नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री को इस तरह की उग्र भाषा और उकसाने वाली सलाह से बचना चाहिए। भाजपा नेताओं का आरोप था कि मंत्री समाज को बांटने और भ्रम पैदा करने की रणनीति चला रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। एसआईआर की आड़ में वोट में काट-छांट की तैयारी लोगों को संबोधित करते हुए डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा एसआईआर की आड़ में वोटर लिस्ट का बड़ा काट-छांट करने की तैयारी में है। उनका दावा था कि नागरिकता सवालों के घेरे में लाने की साजिश हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर 20 तरह के दस्तावेज नहीं होंगे तो लोगो का नाम वोटर लिस्ट से काटा जा सकता है। मंत्री ने कहा कि संदेह की स्थिति में अधिकारी मनमाने तरीके से कार्रवाई करेंगे, इसलिए लोगों को सजग रहने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि नारायणपुर समेत पूरे इलाके में भाजपा के लोग एसआईआर को हथियार बनाकर वोटर सूची को प्रभावित करना चाहते हैं।


