पंजाब के मानसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी सुखपाल सिंह उर्फ मनी बेहनीवाल को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बीते दिन मानसा सिविल अस्पताल से वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। अस्पताल से फरार हुआ था आरोपी मानसा थाना सदर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में सुखपाल सिंह उर्फ मनी बेहनीवाल को गिरफ्तार किया था। पुलिस आरोपी को मेडिकल जांच के लिए मानसा सिविल अस्पताल लेकर गई थी, जहां उसका टेस्ट पॉजिटिव आया। इसी दौरान आरोपी ने वॉशरूम जाने का बहाना बनाया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भीड़ के बीच से फरार हो गया। फरारी के बाद दर्ज हुआ नया मामला सहायक थानेदार सीताराम ने बताया कि हवलदार गुरजीत सिंह ने इस संबंध में बयान दर्ज करवाया था कि वह आरोपी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर गए थे। आरोपी के फरार होने के बाद थाना सिटी-1 में उसके खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया। पुलिस कार्रवाई में आरोपी फिर से गिरफ्तार मानसा पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को सोमवार को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।


