सर्दी के कारण फल-सब्जी के भाव गिरे, मटर अभी भी महंगी

तापमान गिरने का असर फल और सब्जी पर दिखाई देने लगा है। इन दिनों फलों में अमरूद, केले और पपीता के भाव गिर गए हैं। ऐसे ही कुछ सब्जियां दो सप्ताह पहले की तुलना में इन दिनों आधे दाम पर बिक रही है। इसका एक कारण मांग कम और उत्पादन अधिक होना भी है। मटर के भाव अभी नहीं गिरे हैं पर अगले दो सप्ताह में कुछ अंतर आने का अनुमान है। थोक फल विक्रेता श्याम राजौरे ने कहा कि तापमान गिरने का सर्वाधिक असर अमरूद पर हुआ है। पिछले सप्ताह यह थोक में 20 से 23 रुपए किलो तक चल रहा था पर अब इसके भाव घटकर 8 से 10 रुपए किलो तक आ गए हैं। मांग भी पहले से आधी रह गई है। ऐसे ही पपीता थोक में 20 रुपए किलो के आसपास चल रहा था। इसका रेट घटकर इन दिनों 12 से 15 रुपए के बीच आ गया है। तेज सर्दी के कारण स्वाद में भी अंतर आया है। सर्दी के कारण केलों की मांग भी पहले की तुलना में आधी रह गई है। इन दिनों 15 से 17 रुपए किलो तक केले थोक में बिक रहे हैं जबकि 4-5 दिन पहले तक भाव 20 रुपए से ज्यादा था। राजौरे ने कहा कि फुटकर में भाव गिरे हैं पर थोक की तुलना में कम। न्यू ईयर पर गुलाब के दामों में उछाल फूलों के भाव एक दिन पहले की तुलना में साल के पहले दिन कुछ ज्यादा रहे। ऐसा पहले दिन मंदिरों में पूजा पाठ अधिक होने की परंपरा से हुआ। फूल विक्रेता मदन मोहन कुशवाह ने कहा कि बुधवार को गुलाब के भाव सबसे ज्यादा बढ़े। यह 100 रुपए किलो तक बिका, एक दिन पहले भाव 50 से 60 रुपए तक थे। इंग्लिश गुलाब का 12 का बंडल बुधवार को 40 रुपए का बिका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *