रामगढ़ में साहिब श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान और कीर्तन दरबार सजाया गया। शहीदी दिवस से एक दिन पहले प्रभात फेरी निकाली गई। यह प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहिब से शुरू होकर किला मंदिर, लोहार टोला, चट्टी बाजार, झंडा चौक, मेन रोड और सुभाष चौक से होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंची। प्रभात फेरी का नेतृत्व पांच निशान साहिबों ने किया। इसमें बड़ी संख्या में सिख संगत ने भाग लिया। रामगढ़ गुरुद्वारा साहिब में 22 नवंबर को अखंड पाठ आरंभ हुआ था, जिसका समापन सोमवार सुबह 8 बजे गुरुद्वारा साहिब में किया गया। कीर्तन दरबार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित हुआ। इसमें भाई सुखप्रीत सिंह जी और भाई पवनदीप सिंह जी ने अपनी मधुर वाणी से संगत को निहाल किया। इस अवसर पर सिख समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बीच अटूट लंगर वितरित किया गया।


