बलियापुर पुलिस ने रांगामाटी क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान चोरी के वाहनों से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रांगामाटी निवासी एक सक्रिय अपराधी चोरी की बाइक के साथ आरएम-4 की ओर गया है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रासुघूटू बस्ती, रांगामाटी से राज गोराई (19) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, एक बिना नंबर का टोटो और एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। यह सभी सामान चोरी का बताया जा रहा है। बाइक चोरी करता था और उन्हें सस्ते दामों पर बेच देता था पूछताछ के दौरान, आरोपी राज गोराई ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर धनबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी करता था और उन्हें सस्ते दामों पर बेच देता था। उसने यह भी बताया कि 29 अक्टूबर 2025 को बलियापुर थाना क्षेत्र में रोजगार सेवक संजय साह के साथ हुई छिनतई की घटना में भी वह शामिल था। उस घटना में प्रयुक्त बाइक धनसार क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह 2021 से 2024 तक के कई पुराने मामलों में भी संलिप्त रहा है। बरामदगी के आधार पर बलियापुर थाना में कांड संख्या 278/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2), 317(5) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


