श्री पंचायत महानिर्वाणी अखाड़ा की पेशवाई गुरुवार को शान से निकाली जाएगी। इस पेशवाई में एक हजार से ज्यादा साधु-संत शामिल होंगे। बाघंबरी गद्दी के सामने नवनिर्मित महानिर्वाणी अखाड़े के भवन से इसकी शुरुआत होगी। यहां से निकलकर पेशवाई संगम रेलवे लाइन से बक्शी बांध की तरफ पहुंचेगी। अब तक 4 अखाड़ों की पेशवाई हो चुकी है। चारों के रूट अलग थे। हर रूट पर हजारों लोगों ने खड़े होकर साधु-संतों का भव्य स्वागत किया। इस पेशवाई में नागा सन्यासी, महंत, श्री मंहत, मंडलेश्वर और महामंडलेश्वर शामिल होंगे। नागा सन्यासियों का करतब लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। पिछली 4 पेशवाई सुबह से शुरू हुई, लेकिन कुंभ में अपने अखाड़े तक पहुंचने में शाम हो गई। इस अखाड़े की भी संभावना है कि पहुंचने में शाम हो जाएगी।


