रामगंज मंडी में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस NH 52 पर ट्रेलर और सवारियों से भरे ऑटो के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में पलट गया। हादसे के दौरान ऑटो में 8 यात्री सवार थे, जिनमें से 5 को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही टोल प्लाजा एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को झालावाड़ हॉस्पिटल भेजा। यह हादसा मोडक बाइपास के पास गुरुवार सुबह 8 बजे हुआ। हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रेलर ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टलते हुए नजर आता है। ट्रेलर ने ऑटो के पीछे हिस्से को टक्कर मारी, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। वहीं, ट्रेलर को क्रेन की मदद से खाई से बाहर निकाला जा रहा है। दरअसल, ऑटो में सवार सभी यात्री रामगंज मंडी से होते हुए दरा में किशोर सागर बालाजी के दर्शन करने जा रहे थे। इस दौरान धीमी लेन में चल रहा ऑटो अचानक डिवाइडर की तरफ तेज लेन में आ गया। ट्रेलर ने ऑटो को बचाने का प्रयास किया लेकिन पीछे के हिस्से से ऑटो टकरा गया। इसके बाद सरियों से भरा ट्रेलर 10 फीट गहरी खाई में गिरकर पलट गया। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची हाईवे एंबुलेंस की मदद से घायलों को झालावाड़ हॉस्पिटल ले जाया गया। ऑटो ड्राइवर घटना के बाद ऑटो लेकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऑटो और ट्रेलर एक ही लेन में चल रहे थे। ऑटो चालक ने बिना पीछे देखे ऑटो को सड़क पर घुमा दिया, जिससे वह ट्रेलर से टकरा गया। गनीमत रही कि ट्रेलर ऑटो के ऊपर नहीं पलटा, वरना यह बड़ा हादसा हो सकता था। ऑटो में सवार सभी श्रद्धालु बालाजी दर्शन के लिए जा रहे थे और वे सभी रामगंज मंडी के निवासी थे। फिलहाल सभी का उपचार झालावाड़ अस्पताल में किया जा रहा है।


