भिलाई में महिला पार्षद की गुंडागर्दी:मंदिर से पूजा कर लौट रही महिला को पार्षद ने लाठी से पीटा, बेटी ने दबाया गला, मां-बेटी के खिलाफ मामला दर्ज

रिसाली नगर निगम क्षेत्र की महिला पार्षद माया यादव की गुंडागर्दी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वो अपने ही वार्ड में रहने वाली एक महिला को गाली गलौज करते हुए लाठी से पीट रही हैं। HSCL कॉलोनी रुआबांधा सेक्टर की रहने वाली महिला संध्या सिंह (35 वर्ष) ने अपने साथ हुए इस मारपीट के खिलाफ भिलाई नगर थाने में महिला पार्षद और उसकी बेटी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। वहीं पार्षद ने भी संध्या सिंह के खिलाफ भिलाई नगर थाने में अपराध दर्ज करवाया है। रोजाना की तरह जा रही थी मंदिर
प्रार्थी ने बताया कि सोमवार सुबह वह रोजाना की तरह मंदिर जा रही थी। रास्ते में पार्षद माया यादव के घर के पास पहुंची तो देखा कि माया यादव घर के बाहर बैठकर किसी को गाली दे रही थीं। महिला ने बिना कुछ कहे मंदिर की ओर अपना रास्ता जारी रखा। करीब 10:15 बजे पूजा के बाद वह वापस लौटी। तभी जैसे ही वह पार्षद के घर के पास पहुंची, माया यादव और उनकी बेटी आंचल यादव ने उसे रोक लिया। पीड़िता का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने उसे मां-बहन की अश्लील गालियां देनी शुरू कर दीं। इस दौरान आंचल यादव ने उसका गला पकड़ लिया और मुंह दबाते हुए मारपीट की। महिला पार्षद ने लाठी से मारा
पीड़िता ने बताया कि महिला पार्षद माया यादव ने घर में रखे बांस के डंडे से उस पर हमला कर दिया। लाठी से हुई मारपीट में उसके दोनों पैरों, दोनों भुजाओं, दाहिने कंधे, मुंह और सिर में चोट आई है। महिला के मुताबिक मारपीट के दौरान माया यादव ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता कि पार्षद और उसकी बेटी एक महिला को पीट रहीं हैं। महिला की पूजा की थाली सड़क पर बिखरी हुई है। इस घटना के बाद आस-पड़ोस के लोग भी मौजूद थे। लेकिन पार्षद के व्यवहार की वजह से किसी ने भी महिला को बचाने की कोशिश नहीं की। भिलाई नगर थाने में दोनों मां-बेटी के खिलाफ पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध किया है। जल-जमाव को लेकर आयुक्त से की थी शिकायत, इस वजह से थी रंजिश
बताया जा रहा है कि पूरा विवाद तीन महीने पहले वार्ड की समस्या को लेकर शुरू हुआ था। स्थानीय लोगों ने पार्षद से सड़क पर जमा पानी के निकासी को लेकर बार-बार पार्षद से शिकायत की, लेकिन पार्षद ने इसका समाधान नहीं किया था। इससे परेशान होकर स्थानीय लोगों ने आयुक्त और महापौर को समस्या हल करने पत्र लिखा था। पीड़िता का कहना है कि इसी के बाद से वो हमसे चिढ़ी हुई थी। आज सुबह उसी रंजिश की वजह से मुझ पर हमला किया गया है। पार्षद ने भी करवाई FIT- कहा मुझ पर दूसरी बार हमला
वहीं इस मामले में पार्षद माया यादव ने संध्या सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। पार्षद ने बताया कि इन लोग ने मेरे घर पर आकर मारपीट की है। मैं घर के सामने बैठी थी। मेरे आंख का ऑपरेशन हुआ है। दो महीने से ये लोग मेरे पीछे पड़े हैं। कुछ दिन पहले बीएसएफ वाले जांच के लिए आए थे। वो राजेश सिंह के क्वार्टर के बारे में जानकारी ले रहे थे। मैंने बताया कि यहां पर कोई चंदेल परिवार किराए से रहता है। इस चीज को लेकर वो खुन्नस पाल रखे थे और आए दिन इन लोग मुझसे लड़ाई करते थे। पीछे से किया हमला, घर का सीसीटीवी अभी बंद
पार्षद ने बताया कि एसआईआर की लिस्टिंग देखने के लिए वार्ड के लोग आ रहे थे। मैं गेट के बाहर बैठी हुई थी। उनलोग पूरी तैयारी में थे। एक लड़की पहले से ही मोबाइल लेकर तैयार थी। मुझे पता नहीं था कि इन लोग हमला करेंगे। मुझ पर कमेंट करते हुए डंडा से मारा। जब मुझे मारा तो मैंने हाथ से रोका तो मेरे सीधे वाले हाथ में चोट लगा। मैंने केवल अपनी सुरक्षा की है। मेरे घर के सामने कोई मारेगा तो रोकुंगी नहीं क्या। लोगों ने हस्तक्षेप किया उसके बाद इन्होंने मुझे छोड़ा है। मेरे घर का सीसीटीवी अभी चालू नहीं किया है। मैंने एफआईआर दर्ज करवाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *