शहडोल के ‘मिनी ब्राजील’ पहुंचे जर्मन कोच डाइटमार बीयर्सडॉर्फ:विचारपुर में खिलाड़ियों से मिले; बोले- यहां के बच्चे विदेशों में अपनी पहचान बना रहे

शहडोल जिले के विचारपुर, को ‘मिनी ब्राजील’ के नाम से जाना जाता है। सोमवार को वहां जर्मनी के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब एफसी इंगोलस्टेड के कोच डाइटमार बीयर्सडॉर्फ पहुंचे। इस दौरान उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कोच बीयर्सडॉर्फ ने विचारपुर के युवा खिलाड़ियों के अभिभावकों से मुलाकात कर उनके योगदान की सराहना की और उन्हें प्रेरित किया। अभिभावकों से मुलाकात कर सराहना की कोच बीयर्सडॉर्फ ने 5 से 12 अक्टूबर तक जर्मनी में प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों वीरेंद्र बैगा, लक्ष्मी सहीस और सानिया कुंडे के घर का दौरा किया। उन्होंने कहा, “एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। विचारपुर के खिलाड़ी सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं।” अभिभावकों ने पारंपरिक भारतीय शैली में हाथ जोड़कर जर्मन कोच का स्वागत किया और अपने बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर देने के लिए क्लब और कोच का धन्यवाद किया। प्रधानमंत्री की सराहना के बाद मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान विचारपुर को अंतरराष्ट्रीय पहचान तब मिली जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में यहां की फुटबॉल टीम को ‘मिनी ब्राजील’ कहा। इसके बाद एफसी इंगोलस्टेड क्लब ने 4 से 12 अक्टूबर 2025 तक खिलाड़ियों और कोच को विशेष प्रशिक्षण का अवसर दिया। इस ट्रेनिंग में पांच खिलाड़ी और एक महिला कोच शामिल हैं, जिनमें लक्ष्मी सहीस, सानिया कुंडे, सुहानी कोल, प्रीतम कुमार, वीरेंद्र बैगा और मनीष घसिया हैं। कलेक्टर ने भारतीय परंपरा में स्वागत किया शनिवार को कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जर्मनी से आए कोच डाइटमार बीयर्सडॉर्फ, कौशिक मौलिक और मैन्युअल स्केफर का शाल, फूलमाला, गौतम बुद्ध की प्रतिमा और फुटबॉल भेंट करके स्वागत किया। जर्मन टीम ने भी अपनी पारंपरिक शैली में कलेक्टर और वरिष्ठ खिलाड़ी सुरेश कुंडे का अभिवादन किया। यह रहे उपस्थित इस अवसर पर सहायक संचालक खेल रईस अहमद, जिला खेल विभाग के अजय सोंधिया, राजीव श्रीवास्तव, कोच अनिल सिंह, लक्ष्मी सहीस, रहीम खान, नीलेंद्र कुंडे सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *