अजमेर की गंज थाना पुलिस ने एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के द्वारा अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में जुटी है। वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हुई थी। गंज थाना अधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर और 1 जनवरी की रात फॉयसागर रोड पर इंडियन बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने की सूचना मिली थी। थाना क्षेत्र में गश्त कर रही टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भाग गया। टीम ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। मामले में बैंक कर्मचारी जयप्रकाश जोशी की ओर से थाने पर मुकदमा दर्ज करवाया गया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए बोराज गांव निवासी अभिषेक रावत(22) पुत्र राजू रावत को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने शौक पूरे करने के लिए एटीएम के साथ छेड़छाड़ कर चोरी का प्रयास कर रहा था। हालांकि आरोपी से पूछताछ जारी है। वारदात करते वक्त पकड़ा, सीसीटीवी में कैद थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि रात 2 से 3 बजे के बीच ही आरोपी एटीएम में तोड़फोड़ कर रहा था। इसी दौरान गश्त कर रही टीम को सूचना मिलने पर आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया था। घटना के समय एटीएम में 1,17,000 के करीब नगदी थी। चोरी के प्रयास की घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई है।


