मनेंद्रगढ़ के वार्ड नंबर 08 के भाग संख्या 15 में SIR फॉर्म भरने के दौरान भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच विवाद हो गया। यह घटना तब हुई जब बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) आशा चंद्रा वार्ड की आंगनबाड़ी में बैठकर लोगों के फॉर्म भरवा रही थीं। इस कार्य में वार्ड के कुछ कांग्रेसी नेता भी लोगों के फॉर्म भरने में सहायता कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर भाजपा के पूर्व पार्षद अजीमुद्दीन अंसारी मौके पर पहुंचे। पूर्व पार्षद अंसारी ने बीएलओ से कहा कि उनका काम घर-घर जाकर लोगों के फॉर्म भरना है, न कि एक जगह बैठकर फॉर्म भरवाना। उन्होंने इस तरीके पर सवाल उठाया। इसी दौरान वहां मौजूद वार्ड के कांग्रेसी नेताओं से भाजपा नेता की बहस शुरू हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। गलतफहमी के कारण हुआ विवाद इस मामले को लेकर मनेंद्रगढ़ के एसडीएम लिंगराज सिदार ने बताया कि भाजपा और कांग्रेस के जिन नेताओं के बीच विवाद हुआ, वह पुरानी रंजिश और गलतफहमी के कारण था। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमानुसार, बीएलओ के सहयोग के लिए किसी भी राजनीतिक पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता अधिकतम पचास लोगों के फॉर्म भरकर जमा कर सकता है।


