छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में त्यौहार सीजन के बाद खाद्य सामाग्रियों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। जहां टीम ने 10 प्रतिष्ठानों में जांच की और 25 सैंपल लेकर उसे जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट तथा नाश्ता केंद्रों में निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा स्वच्छता, कच्चे माल की गुणवत्ता और पैक्ड खाद्य पदार्थों के मानकों की जांच की गई। जांच के दौरान कई दुकानों और रेस्टोरेंट में ऐसे उत्पाद पाए गए, जिनकी गुणवत्ता संदेहास्पद लगी। जिन्हें नियमानुसार सील कर नमूना परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। इन प्रतिष्ठानों में की गई जांच
जांच टीम द्वारा अजय प्राविजन स्टोर, गुड्डू कैंटीन, अंजलि बेकरी, आरव ट्रेडर्स, आमंत्रण रेस्टोरेंट, शर्मा मार्केटिंग पुरानी हटरी में जांच की गई। इसके अलावा आयुष ट्रेडिंग मोदी प्लाजा, शर्मा ट्रेडिंग, साहिल ट्रेडिंग पुराना हाटरी और विशाल जनरल स्टोर में जांच कर नमूना लिया गया।
इन सामाग्रियों का लिया नमूना
जांच टीम ने सभी प्रतिष्ठानों से अलग-अलग खाद्य उत्पाद लाल मिर्च पाउडर, चना सत्तु, इडली मिक्स, वेज मंचूरियन मिक्स, मसाले, नमकीन, बेकरी प्रोडक्ट, तेल, मिश्रित दालें, फास्ट फूड सामग्री के नमूने संकलित किए। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का अभाव और खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति पर सुधार करने के निर्देश भी दिए गए।
नियम उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी भी खाद्य उत्पाद में मिलावट, अमानक गुणवत्ता या नियम उल्लंघन पाया जाता है। तब संबंधित प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। वहीं आवश्यकता पड़ने पर प्रकरण न्यायालय में भी प्रस्तुत किए जाएंगे।


