इंदौर में गुरुवार सुबह रेतीमंडी चौराहे के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। आईडीए की जमीन पर बने स्थायी और अस्थायी दुकानों, कुछ घरों और ढाबों को हटाया गया। इस कार्रवाई में 6 जेसीबी और 2 पोकलेन मशीनों के साथ नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची थी। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कोर्ट से आईडीए के पक्ष में फैसला आने के बाद की गई। “आईडीए की स्कीम नंबर 97, पार्ट 4 में रेतीमंडी के पास यह कार्रवाई की गई। इस दौरान आईडीए द्वारा चिह्नित लगभग 40 स्थायी दुकानें, 15 अस्थायी दुकानें, 5 घर और 3 ढाबों को हटाया गया।” आईडीए ने लिखा था लेटर नगर निगम की डिप्टी कमिश्नर लता अग्रवाल ने बताया कि, गुरुवार को रेतीमंडी चौराहे पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। आईडीए ने कमिश्नर को इस संबंध में पत्र भेजा था, जिसमें बताया गया था कि यह अतिक्रमण उनकी स्कीम क्षेत्र में है। कार्रवाई के दौरान कोई विवाद नहीं हुआ, क्योंकि आईडीए और नगर निगम ने लोगों को यहां से हटने के लिए पर्याप्त समय दिया था। इसी कारण अधिकांश दुकानें खाली मिलीं। कार्रवाई में नगर निगम का स्टाफ और पर्याप्त पुलिस बल शामिल थे।


