कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र के सिरकी झाबर बस्ती में तीन माह पहले पिता की हत्या कर फरार हुए आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय शंकर खांडे तीन माह पहले शराब के नशे में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसका अपने पिता परश खांडे से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि शंकर ने अपने पिता की पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घर पर मौजूद आरोपी की मां और पत्नी ने घटना की जानकारी पड़ोसियों को दी, जिसके बाद बस्ती के लोग जमा हो गए। दीपका थाना पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस पिछले तीन माह से शंकर की तलाश कर रही थी। परिवार से मिलने आया तो पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने परिवार से मिलने के लिए कोरबा आया हुआ है। वह पुलिस के डर से घर न जाकर दीपका खदान के आसपास घूम रहा था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि शंकर घटना को अंजाम देने के बाद हैदराबाद चला गया था और वहां मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था। वह अपनी पत्नी, बच्चों और मां से मिलने के लिए चोरी-छिपे कोरबा के झाबर सिरकी आया था। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि आरोपी शंकर खांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह पिछले तीन माह से हत्या के मामले में फरार चल रहा था।


