पंजाब में फरीदकोट के बस स्टैंड पर पंजाब रोडवेज, पनबस, पीआरटीसी कांट्रेक्ट वर्कर्स यूनियन की तरफ से अपनी मांगों को लेकर राज्य सरकार और मैनेजमेंट के खिलाफ धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और आने वाले दिनों में संघर्ष को तेज करने और हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। यूनियन के प्रधान हरजिंदर सिंह और प्रांतीय नेता हरप्रीत सिंह सोढ़ी ने कहा कि पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी में पिछले लंबे समय से कॉन्ट्रेक्ट बेस पर कार्य कर रहे कर्मचारियों की जायज मांगों पर भी राज्य सरकार और मैनेजमेंट कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने राज्य में सरकार बनाने से पहले वादा किया था कि हर विभाग में कार्य करने वाले कच्चे व कॉन्ट्रेक्ट बेस कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित किया जाएगा। लेकिन सरकार के साढ़े 3 साल बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा ना किया गया तो आने वाले दिनों में वह संघर्ष तेज करेंगे। जिसके तहत राज्यभर में बसों का चक्का जाम किया जाएगा और मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। इन मांगों को लेकर चल रहा है कर्मचारियों का संघर्ष उन्होंने बताया कि यूनियन द्वारा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने, नई बसें खरीदने, समान कार्य-समान वेतन की नीति लागू करने समेत अवैध अनुशासनात्मक कार्रवाई करके नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों को बहाल करने आदि मांगों को संघर्ष चल रहा है। जिसके संबंध में यूनियन ने राज्यभर के सभी विधायकों को ज्ञापन भी सौंपे थे।


