कटघोरा थाना परिसर में अजगर और कोबरा मिले:पुलिसकर्मियों ने किया रेस्क्यू, कॉलोनी में दहशत का माहौल

कोरबा के कटघोरा थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक विशालकाय अजगर और बाद में एक अहिराज सांप देखा गया। इन घटनाओं के बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। दोनों सांपों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। पहली घटना सोमवार सुबह की है, जब शिकायत दर्ज कराने आए लोगों ने थाना परिसर में खड़ी एक गाड़ी में 10 फीट लंबे अजगर को कुंडली मारे देखा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। प्रधान आरक्षक अनुज सिंह ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ा। बताया गया कि यह अजगर पिछले दो दिनों से थाना परिसर के आसपास विचरण कर रहा था। पुलिसकर्मी के घर के आंगन में मिला कोबरा इसी दिन शाम को दूसरी घटना सामने आई। कटघोरा थाना परिसर स्थित पुलिस कॉलोनी में एक पुलिसकर्मी के घर के आंगन में गमले के पास लगभग 7 फीट लंबा अहिराज (कोबरा) सांप कुंडली मारकर बैठा मिला। लाइट जलाने पर सांप पर नजर पड़ी, जिससे घरवाले डरकर बाहर भाग गए। सूचना मिलने पर इस सांप को भी रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया। थाना परिसर में लगातार सांप निकलने की इन घटनाओं से कॉलोनी के निवासी भयभीत हैं। पुलिसकर्मियों का कहना है कि यह परिसर सांपों के लिए एक तरह का डेरा बन गया है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *