दौसा जिले की ग्राम पंचायतों में जनसुनवाई:अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुनी लोगों की समस्याए, कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण

प्रत्येक माह की त्रिस्तरीय जनसुनवाई के तहत महीने के पहले गुरुवार को जिलेभर में ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों के द्वार पर पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना और निस्तारण किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा पारीक व उपखण्ड अधिकारी मूलचंद लूणिया ने दौसा उपखंड की जसोता एवं खुरीकलां ग्राम पंचायत में जनसुनवाई कर परिवादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों ने आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने, श्मशान घाट के लिए जमीन आवंटित करने, सड़क निर्माण कार्य करवाने, पानी की टंकी की मरम्मत करवाने, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने जैसी सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन दिए। ग्राम पंचायत जसोता में 28 एवं खुरीकलां में 13 परिवाद मिले, जिनका एडीएम ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर तय समय सीमा में नियमानुसार निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करवाकर ग्रामीणों को राहत दी। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्या सुनकर उसका समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। एडीएम ने कहा कि अधिकारी ग्रामीणों की समस्या को उन्हीं के स्थान पर आकर सुन रहे हैं और उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर रहे हैं। संबंधित विभागीय अधिकारी परिवादियों की समस्या का समाधान न्यूनतम समय में करें और अगर प्रक्रिया में किसी औपचारिकता की जरूरत है तो परिवादी को वह भी विस्तार से समझाएं, ताकि वह संतुष्ट हो सके। इस दौरान विकास अधिकारी, तहसीलदार, जिला स्तरीय एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी-कार्मिक, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *