फुन्देलाल ने दिखाई दरियादिली अग्निकांड पीड़ित व्यापारियों को दिया 50-50 हजार की आर्थिक सहायता
अमरकंटक। पवित्र नगरी अमरकंटक में 23 दिसंबर की रात जैन मंदिर परिषद् के समीप 12 दुकानों में भीषण आग लगने से करोड़ों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। आग की वजह से व्यापारियों की सालों की मेहनत एक ही रात में खत्म हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, जिला कलेक्टर हर्षल पंचोली और पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान मौके पर पहुंचे। विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने तत्काल मदद के तौर पर 50 हजार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। 2 जनवरी को अमरकंटक पहुंचकर उन्होंने 14 पीड़ित व्यापारियों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि सौंपी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह राशि भले ही बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन व्यापारियों की मदद का यह उनका व्यक्तिगत प्रयास है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे प्रदेश सरकार से बातचीत कर व्यापारियों को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र कमेटी के मैनेजर लक्ष्मी नारायण जैन ने भी समाजसेवा का उदाहरण पेश करते हुए 12 दुकानदारों को 5-5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने बताया कि वे नारायण सेवा संस्थान से लंबे समय से जुड़े हैं और समाजसेवा में अपना योगदान देते आ रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय महिला ललिता यादव को बेटी के विवाह के लिए 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। पीड़ित व्यापारियों ने विधायक और समाजसेवी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट के समय मिली यह मदद उनके लिए बहुत बड़ी राहत है। इस सहायता वितरण कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे जिन्होंने पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए एकजुटता का संदेश दिया।


