कोरबा | भारतमाला हाईवे पर तरदा के पास बाइक से लौट रहे शहर के एक युवक को बदमाशों ने रोककर उस पर हमला कर अधमरा होते तक पीटा, फिर लूटपाट की। घटना उरगा थाना अंतर्गत बिलासपुर-उरगा भारतमाला हाईवे पर तरदा के पास शनिवार रात को हुई। उस दौरान सिटी कोतवाली अंतर्गत मोतीसागर पारा निवासी प्रीतेश मिर्झा (28) पंतोरा की ओर से बाइक पर घर लौट रहा था। तरदा के पास हाईवे किनारे खड़े बदमाशों ने उसे रोक लिया। उन्होंने धमकाते हुए पैसे की मांग की, प्रीतेश के पैसे नहीं होने की बात पर उन्होंने हाथ-मुक्के समेत डंडे और बेल्ट से उसपर हमला कर दिया। प्रीतेश के अधमरा होने पर उसके कान से सोने की बाली, मोबाइल व नकदी रकम लूट लिया। वहीं मोबाइल पर फोन-पे खोलकर कोड पूछकर रकम भी ट्रांसफर की। घटना को अंजाम देकर बदमाश वहां से भाग निकले। प्रीतेश ने किसी तरह टोल प्लाजा पहुंचकर वहां सुरक्षा कर्मी को घटना की जानकारी दी, जहां से परिजन को सूचित किया गया। परिजन ने वहां पहुंचकर घायल प्रीतेश को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।


